आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट आज वाराणसी दौरे पर, आईआईवीआर में आधुनिक प्रयोगशालाओं का करेंगे उद्घाटन

कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट 17 अक्टूबर को वाराणसी स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR), शाहंशाहपुर के दौरे पर हैं। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान महानिदेशक संस्थान में तैयार की गई नई और आधुनिक सुविधाओं—हाई-टेक ग्रीनहाउस, स्पीड ब्रीडिंग फैसिलिटी, बायोसेफ्टी लेवल-3 प्रयोगशाला तथा जीनोम एडिटिंग लैब का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उनके साथ उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. देवेंद्र कुमार यादव और उप महानिदेशक (कृषि प्रसार) डॉ. राजवीर सिंह भी मौजूद रहेंगे। इन अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की शुरुआत से पूर्वांचल और आसपास के क्षेत्रों में उन्नत किस्म की सब्जियों के अनुसंधान और कीट-रोग रोधी किस्मों के विकास को नई गति मिलेगी, जिससे देश भर के किसानों को सीधा लाभ होगा।


