लखनऊ- राजधानी के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की दीवार और गेट को जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को कब्रिस्तान में कथित तौर पर अतिक्रमण के उद्देश्य से तोड़फोड़ की गई थी। इस मामले में वकार अहमद की तहरीर पर गोसाईगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
चार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
गोसाईगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमरान, मोहम्मद इमरान, सलमान और मिराज अली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक जेसीबी मशीन बरामद की है।
बीएनएस और 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह मामला कब्रिस्तान की संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने और कथित अतिक्रमण की कोशिश से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
